भोपाल की भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर सोमवार को मथुरा के भूरीवाला आश्रम पहुंची। वह 7 अक्टूबर को भूरीवाला आश्रम में विवाद के बाद घायल संतों से मिलने आई थी। इसी दौरान आश्रम के पास भाजपा सांसद का धर्माचार्य की पत्नी से नोक-झोंक हो गई। भाजपा सांसद ने धर्माचार्य की पत्नी पर गाली-गलौज का आरोप लगाया है। सांसद का आरोप है कि धर्माचार्य आश्रम पर कब्जा करना चाहते हैं। इसलिए उन्होंने जानबूझकर ऐसा कराया है।
वहीं धर्माचार्य की पत्नी ने भाजपा सांसद पर हथियार बंद लोगों द्वारा हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सांसद के पीएसओ, ड्राइवर सहित 1 अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है।
कहा- 8-10 लोग बदनीयत से घर में घुसने का कर रहे थे प्रयास
वृंदावन के मोतीझील इलाके में धर्माचार्य नागेंद्र महाराज अपने परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार को दोपहर बाद नागेन्द्र महाराज घर पर नहीं थे। नागेन्द्र महाराज की पत्नी माधुरी का आरोप है कि वह बाजार से सामान ले कर आईं। इसी दौरान गली में खड़े कुछ व्यक्तियों ने उन्हें गाली देना शुरू कर दिया। वह अपने घर में चली गई। इसके बाद गली में खड़े लोग 8 से 10 लोग उनके पीछे बदनीयती से घर में घुसने लगे। शोर सुनकर कुछ लोग मौके पर आ गए। जिन्हें देखकर वे लोग भाग गए।
माधुरी के मुताबिक, सोमवार को जो लोग भूरीवाला आश्रम में आए हुए हैं। वे भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर के आदमी हैं। उनके आदमियों ने ही उन पर बदनीयत से हमला करने का प्रयास किया। हालांकि वे ऐसा करने में नाकाम रहे।
साध्वी प्रज्ञा ने धर्माचार्य की पत्नी के आरोपों को किया खारिज
वहीं, साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का आरोप है कि वह मंदिर से दर्शन कर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक तरफ बालू पड़ी हुई थी। दूसरी तरफ एक केवल टूटी हुई थी, जिससे गाड़ी फंस गई। PSO केबल हटा रहे थे।
इसी दौरान वहां नागेंद्र महाराज की पत्नी पहुंच गईं और गाली देना शुरू कर दिया। काफी देर तक अनसुना किया गया, लेकिन जब नाम लेकर गाली दी तो सुरक्षाकर्मियों ने इसका विरोध किया। इसके बाद उनकी तरफ से आरोप लगाया कि मेरे साथ के लोग उन पर हमला करने आए हैं। उनका आरोप बेबुनियाद है।
सांसद बोलीं- आश्रम को कब्जाने के लिए गुंडई हो रही है
सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने बताया कि 7 अक्टूबर को भूरीवाला आश्रम में कब्जे के लिए यहां रह रहे साधुओं पर हमला किया गया। जिसमें घायल संत दर्शनानंद को वह देखने आई थीं। इसकी सूचना पुलिस को भी है। लेकिन यहां आकर पता चला कि आखिर चल क्या रहा है। यहां तो खुलेआम गुंडई हो रही है।
पुलिस ने भाजपा सांसद के 3 लोगों को हिरासत में लिया
धर्माचार्य की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के PSO मनीष भट्ट, ड्राइवर द्र्वेश के अलावा एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। पुलिस हिरासत में लिए गए तीनों लोगों को कोतवाली ले गई। नागेंद्र महाराज का कहना है कि पकड़े गए लोगों से हथियार भी बरामद हुए हैं।
सांसद ने पुलिस पर लगाया मिलीभगत का आरोप
प्रज्ञा ठाकुर का आरोप है यह सब पुलिस की मिलीभगत से हो रहा है। इस बारे में उत्तर प्रदेश के DGP को फोन कर जानकारी दे दी गई है। पूरे मामले से जल्द मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी अवगत कराया जाएगा।
संत भूमानंद महाराज ने 40 साल पहले बनवाया था भूरीवाला आश्रम
भूरीवाला आश्रम वृंदावन के मोतीझील इलाके में है। इसे 40 साल पहले संत भूमानंद महाराज ने बनवाया था। 2016 में आश्रम के महंत ने वसीयत लिखी, जिसमें स्वामी दर्शनानंद को महंत बनाया गया। 2020 में संत भूमानंद का गोलोक वास हो गया। इसके बाद आश्रम में प्रकाशानंद और कृष्णानंद से दर्शनानंद के बीच आश्रम के कब्जे को लेकर विवाद शुरू हो गया। 7 अक्टूबर को कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और हथियारों से आश्रम पर हमला बोल दिया। जिसमें दर्शनानंद सहित 9 लोग घायल हो गए थे। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आश्रम में कब्जा का आरोप लगाया था।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.