बस्ती में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। दो भाइयों पर अपनी बहन और उसके प्रेमी की हत्या का आरोप लगा है। लड़की मुस्लिम और लड़का हिंदू था।
दरअसल, एक मुस्लिम लड़की का हिंदू युवक से अफेयर चल रहा था। इसका पता लड़की के परिवार वालों को चला। इस पर उन्होंने लड़के को बहाने से घर से बुलाया। फिर उसकी हत्या कर लाश गन्ने के खेत में फेंक दी। उसके बाद लड़की की भी हत्या कर दी और शव को चुपचाप दफना दिया।
शनिवार शाम लड़के की लाश गन्ने के खेत में मिली। पुलिस जांच में पता चला कि एक युवती का शव भी कब्रिस्तान में दफन किया गया है। इसके बाद DIG से लेकर SDM तक गांव पहुंच गए। लड़की के शव को आधी रात को कब्र से निकलवाया। साथ ही युवक की लाश को उठवा कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
लड़की के घर ट्रैक्टर चलाता था अंकित
थाना क्षेत्र के पड़रिया चेतसिंह गांव में रामफेर रहता है। उसका 18 साल का बेटा अंकित था। वह गांव के ही इरशाद का ट्रैक्टर चलाता था। इसी दौरान इरशाद की बहन अमीना खातून से उसका अफेयर चलने लगा था। बताया जाता है कि इरशाद ने कई बार उसे अमीना से दूर रहने को भी कहा, लेकिन वह नहीं माना।
अंकित की मां ने बताई पूरी कहानी
अंकित की मां कुमारी देवी ने अमीना खातून के दो भाइयों और एक अन्य पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया, “शुक्रवार रात करीब 8 बजे मेरे बेटे अंकित को फोन कर इरशाद ने बुलाया था। करीब 10 बजे तक जब वह वापस नहीं आया, तो मैंने उसको फोन किया। पूरी रिंग गई, लेकिन कॉल नहीं उठी। इसके बाद करीब रात 12 बजे हमने पुलिस को फोन करके बुलाया। पुलिस के साथ बेटे काे ढूंढा गया, लेकिन पता नहीं चला। हम लोग इरशाद के घर गए, लेकिन उसने भी कुछ नहीं बताया। “
घुटनों तक उतरी हुई थी पैंट
मां ने बताया, “दूसरे दिन शनिवार शाम करीब 6 बजे गन्ने के खेत में बेटे की लाश अर्धनग्न हालत में पेट के बल पड़ी मिली। बेटे की जींस घुटनों तक उतरी हुई थी। हरे रंग की शर्ट भी उतरी हुई थी। उसके शरीर पर खरोंच और चोट के निशान थे। आरोपी इरशाद और इरफान का मेरा बेटा ट्रैक्टर चलाता था।
गांव वालों ने खोला ऑनर किलिंग का राज
युवक की मां के लगाए गए आरोप के बाद पुलिस इरशाद के घर जा रही थी। तभी गांव के लोगों ने इरशाद की बहन की मौत और शव को चुपचाप दफनाने की बात बताई। पुलिस आरोपियों के घर पहुंची। उसने पहले दोनों भाइयों से उनकी बहन की मौत के बारे में पूछताछ की। दोनों हड़बड़ाए, तो हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस उन्हें लेकर कब्रिस्तान पहुंची।
DIG के सामने निकलवाई गई लाश
शनिवार देर रात करीब 12 बजे मौके पर DIG आरके भारद्वाज, SP आशीष श्रीवास्तव, ASP दीपेन्द्र नाथ चौधरी और SDM भानपुर गिरीश कुमार झा के सामने अमीना खातून की लाश को कब्र से निकलवाया गया। इसके बाद रात करीब 2 बजे लड़के और लड़की के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बीए की छात्रा थी युवती
अंकित 3 भाइयों में दूसरे नंबर पर था। बड़ा भाई संदीप मजदूरी करता है, जबकि उससे छोटा भूषण घर पर ही रहता है। वहीं, अमीना खातून 2 बहनों में बड़ी थी और बीए में पढ़ रही थी। उसके पिता की मौत हो चुकी है। उसके दोनों भाई इरशाद और इरफान ट्रैक्टर चलवाते हैं।
युवक की मां की तहरीर पर इरशाद, इरफान, इशरार के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने, एससी-एसटी में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने युवती के दो भाइयों इरफान और इरशाद को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस भी मान रही ऑनर किलिंग
प्रभारी निरीक्षक रामकृष्ण मिश्र ने बताया, ”प्रथमदृष्टया मामला आशनाई का लग रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक दीपेन्द्र कुमार चौधरी ने युवती दोनों शवों को पोस्टमार्टम भेजा गया है। युवक के परिवार की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।”
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.