अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र में पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पशु चोरी के दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। वहीं एक सिपाही भी घायल हुआ है। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। आरोपी देर रात पशु चोरी करके ले जा रहे थे। रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों से मैक्स पिकअप व एक पशु भी बरामद किया है।
बीती देर रात रात्रि गश्त के दौरान तिगरी गंगा बांध के निकट मैक्स पिकअप को आता देख पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। आरोपियों ने पिकअप नहीं रोकी, बल्कि पुलिस पर फायरिंग कर दी। जबाव में पुलिस ने भी फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ में पशु चोरी के दो आरोपी पैर में गोली लगने की वजह से घायल हो गए। वहीं एक सिपाही के भी हाथ में गोली लग गई।
सूचना मिलने पर सीओ अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। घायल आरोपियों व सिपाही को सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीओ ने बताया कि घायल आरोपी नवाजिस पुत्र शमशाद निवासी गांव गंगवार थाना रहरा, खेमचंद पुत्र राम लाल निवासी उझारी हैं। वहीं गोली लगने से सिपाही मुकेश घायल हुआ है।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.