यंग भारत ब्यूरो
राहुल ने महात्मा गांधी की यात्रा से उनकी तुलना करने पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को टोकते हुए नाराजगी जताई। कहा- अभी डोटासरा ने गांधी जी और मेरी तुलना की, यह बिल्कुल गलत है। गांधी जी की जगह कहीं और है और मेरी जगह कहीं और है, तुलना करनी नहीं चाहिए।
वह महान व्यक्ति थे, उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी देश की आजादी के लिए दी, 12 साल जेल काटी, उनकी जगह कोई और भर नहीं सकता है । उनकी जगह मेरा नाम भी नहीं लेना चाहिए। राहुल बुधवार शाम को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दौसा के बगड़ी में नुक्कड़ सभा को संबाेधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा- मैं कुछ कड़वी बातें पार्टी के साथियों से कहना चाहता हूं। राजीव गांधी जी ने जो किया, इंदिरा गांधी जी ने जो किया वे शहीद हुए, उन्होंने जो करना था किया और अच्छा किया। कांग्रेस पार्टी को हर मीटिंग में यह दोहराना नहीं चाहिए।
महात्मा गांधी ने जो किया वह कर दिया। जो इंदिरा गांधी जी, जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल जी, राजीव गांधी ने जो किया कर दिया। अच्छा है, मगर हमें यह बोलना चाहिए कि हम जनता के लिए क्या करेंगे या क्या करने जा रहे हैं यह ज्यादा जरूरी। मेरे दिल में बात आई, कभी-कभी मैं जो दिल में आता है वह कह देता हूं तो मैं आपसे माफी मांगता हूं।
राहुल गांधी ने कहा- देश के 100 पूंजीपतियों के पास आधे हिंदुस्तान की आबादी जितना पैसा है। नरेंद्र मोदी भी इन्हीं के इशारे पर काम करते हैं। जो ये कहते हैं वही काम मोदी करते हैं। बड़े उद्योगपतियों ने कहा कि छोटे व्यापारियों को खत्म करना है, जो मोदी ने किया। GST गलत तरीके से इसीलिए लागू की। मुझे आज ही बताया गया कि 25 किलो से कम गुड़, बेसन बेचने पर GST लगता है, ज्यादा पर नहीं लगता। इसीलिए छोटे कारोबारियों को खत्म करने का षड्यंत्र किया गया।
इससे पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में आज सुबह RBI के पूर्व गवर्नर एन रघुराम राजन जुड़े थे। राहुल गांधी ने राजन के साथ लंबी चर्चा की। टी ब्रेक तक लगातार दोनों बातचीत करते हुए चल रहे थे। आर्थिक मुद्दों पर रघुराम राजन बेबाक राय रखते रहे हैं। गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा में लगातार अलग-अलग क्षेत्रों के लोग जुड़ रहे हैं।
राहुल गांधी और रघुराम राजन के बीच आधे घंटे से ज्यादा समय बातचीत हुई थी। दोनों ने एक डॉक्यूमेंट्री के लिए आर्थिक मुद्दों पर अपनी राय रखी थी। रघुराम राजन को यूपीए के दूसरे कार्यकाल में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का गवर्नर बनाया गया था।
इधर, यात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने भारत-चीन सीमा विवाद पर कहा, जब यह घटना घटी, उसके 5 दिन बाद सरकार का स्टेटमेंट आया है, लेकिन उसमें कुछ भी नया नहीं है। केंद्र सरकार को चाहिए इस मुद्दे पर विपक्ष को विश्वास में लेकर चर्चा करे।
इस मसले पर पूरा देश सरकार के साथ खड़ा है, लेकिन बिना पारदर्शिता लाए हम कैसे आगे बढ़ेंगे। सच्चाई के साथ केंद्र सरकार को चर्चा करनी चाहिए। अगर सीमा पर चीन अतिक्रमण करना चाहता है तो उसका मुंह तोड़ जवाब देना चाहिए।
इससे पहले मंगलवार को दौसा में ही राहुल गांधी गो बैक के नारे लिखे मिले। इसकी जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। शहर के आगरा रोड और लालसोट ओवरब्रिज पर लिखे इन स्लोगन को तुरंत मिटाया गया।
यात्रा से जुड़े बड़े अपडेट
- सचिन पायलट ने ERCP प्रोजेक्ट को लेकर कहा कि केंद्र सरकार अब रेशियो की बात करके भ्रम पैदा कर रही है। इस पूरे मामले में राजनीति कर रही है, जो ठीक नहीं है। केंद्र ने समय रहते इस मामले में कुछ नहीं किया है ,जबकि प्रधानमंत्री मोदी दो बार राजस्थान आकर वादा कर चुके हैं। अब रेशियो की बात करके केंद्र सरकार मामले को फंसा रही है। उन्होंने जो कहा, उस पर कायम रहना चाहिए।
- सीएम अशोक गहलोत ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार पर हमला बोला। गहलोत ने कहा- लोग कहते हैं कि 2024 के बाद मोदी चुनाव करवाएंगे या नहीं, इस तरह की बातें चल रही हैं, यह खतरनाक धारणा है। मुझे पूरा विश्वास है कि लोकतंत्र कायम रहेगा और मोदी इसे कायम रखेंगे। हालांकि उनके बारे में इस तरह की चर्चा चलना क्या साबित करता है?
- कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर निशाना साधा। जयराम रमेश ने कहा कि पीएम दावा करते हैं कि वे गैर बीजेपी दलों की राज्य सरकारों की सुनते हैं। यह बात पूरी तरह गलत है। राजसथान की ERCP को केंद्र ने अटका रखा है। ERCP पर राज्य सरकार के साथ भेदभाव किया जा रहा है। इससे साफ है कि पीएम जो बोलते हैं वो सच नहीं होता। बार-बार गुजरात मॉडल की बात करते हैं। पीएम का मतलब अब प्रधानमंत्री या प्राइम मिनिस्टर नहीं रह गया, पीएम का मतलब अब पैकेजिंग एंड मार्केटिंग हो गया है।
- कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि पीएम मोदी केवल अपने मन की बात करते हैं। मोदी ने कभी काम की बात नहीं की। विदेश दौर और विचित्र वेशभूषा तक सीमित रहे। केंद्र और बीजेपी की विभाजनकारी नीतियों से देशवासी परेशान हैं। राहुल गांधी देश जोड़ने निकले हैं।
- आज राहुल की यात्रा सवाईमाधोपुर के भाड़ोती से शुरू हुई थी। सुबह 10 बजे यात्रा बामनवास के बाढ़श्यामपुरा टोंड में पहुंची। टोंड में यात्रा का लंच ब्रेक था। 3:30 बजे से यात्रा का दूसरा फेज शुरू हुआ। शाम 6:30 बजे यात्रा दौसा जिले में लालसोट के बगड़ी गांव चौक में पहुंची। यहां पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा हुई। लालसोट के पास बीलोना कलां में यात्रा का नाइट स्टे रखा गया है।
- राहुल गांधी की राजस्थान में यात्रा का आज 10वां दिन है। 19 दिसंबर तक यात्रा दौसा जिले में ही रहेगी। दौसा जिले में ही 16 दिसंबर को राहुल गांधी की यात्रा के 100 दिन पूरे होने जा रहे हैं। राजस्थान में यात्रा का आधे से ज्यादा सफर तय हो चुका है।