गोरखपुर नगर निगम ने 50 वार्डों का नाम बदल दिया है। इनमें 24 वार्डों के नाम महापुरुषों और बलिदानियों के नाम पर रखे गए हैं। अलीनगर आर्यनगर तो मियां बाजार का नाम बदलकर माया बाजार कर दिया गया है। सिख बहुल मोहद्दीपुर अब सरदार भगत सिंह नगर के नाम से जाना जाएगा।
इसके अलावा अली नगर का नाम बदलकर आर्य नगर कर दिया गया है। शासन ने नगर निगम क्षेत्र के वार्डों के परिसीमन संबंधी अधिसूचना भी जारी कर दी है। साथ ही नगर निगम में अब कुल 80 वार्ड होंगे।
मुस्लिम नाम वाले वार्डों का हुआ नामाकरण
गोरखपुर में ज्यादातर मुस्लिम नाम वाले वार्डों का नया नामकरण किया गया है। कई वार्डों के नाम गोरखपुर और देश की विभूतियों के नाम पर किए गए हैं। अब नए वार्ड बाबा गंभीर नाथ, बाबा राघव दास, पंडित मदन मोहन मालवीय, शहीद अशफाक उल्ला खां समेत कई महापुरुषों के नाम से जाने जाएंगे।
पहले थे सिर्फ 70 वार्ड
नगर निगम क्षेत्र में अभी हाल में 32 गांव शामिल हुए हैं। इसके बाद नगर निगम क्षेत्र में एक बड़ी आबादी शामिल हो गई। इस वजह से वार्डों की संख्या बढ़ाने की जरूरत पड़ी। अब तक नगर निगम क्षेत्र में 70 वार्ड थे। अब इनकी संख्या को बढ़ाकर 80 कर दी गई है। इसमें अधिकांश वार्डों के नाम भी बदल दिए गए हैं।
इस अधिसूचना के मुताबिक, पुर्दिलपुर वार्ड अब विजय चौक के नाम से जाना जाएगा। जनप्रिय विहार वार्ड का नाम दिग्विजयनगर कर दिया गया है। सिंधी समाज के भगवान झूलेलाल के नाम पर भी एक वार्ड बनाया गया है।
निषाद बहुल नौसढ़ का नाम मत्स्येंद्र नगर रखा गया है। मियां बाजार, मुफ्तीपुर, अलीनगर, तुर्कमानपुर, इस्माइलपुर, रसूलपुर, हुमायूंपुर उत्तरी, घोसीपुरवा, दाउदपुर, जाफरा बाजार, इलाहीबाग, काजीपुर खुर्द, चक्सा हुसेन के नाम भी बदल दिए गए हैं।
बाबा गंभीरनाथ, फिराक गोरखपुरी, मदन मोहन मालवीय, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, बलिदानी शिव सिंह छेत्री, पं. रामप्रसाद बिस्मिल, शहीद अशफाक उल्लाह, महाराणा प्रताप नगर, महात्मा ज्योतिबफुले, बंधु सिंह, संत झूलेलाल नगर के नाम पर वार्डों का नाम रखा गया है।
विश्व में गोरखपुर का नाम रोशन करने वाले गीता प्रेस के नाम पर भी वार्ड का नाम रखा गया है। महेवा वार्ड का नाम अब कान्हा उपवन नगर कर दिया गया। विश्वकर्मापुरम वार्ड भी बनाया गया है।
समाजवादी पार्टी ने किया विरोध प्रदर्शन
मामले में अब राजनीति भी गरमा गई है। समाजवादी पार्टी का आरोप है कि जानबूझ कर मुस्लिम बहुल क्षेत्रों के नाम नगर निगम ने बदल दिए हैं। जिसका का विरोध करते हुए समाजवादी पार्टी ने नगर निगम गोरखपुर में विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही सपा ने नगर आयुक्त अविनाश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर वार्डों के बदले गए नाम को एक बार फिर पुराने नाम रखने की मांग की है।
एक हफ्ते में मांगी गई है आपत्ति
नगर आयुक्त अविनाश कुमार सिंह ने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल वार्ड के नाम बदले जाने की आपत्ति जताते हुए ज्ञापन सौंपा है। उस पर एक बार पुनर्विचार किया जाएगा। नाम बदलने का काम पूरी तरीके से कानूनी प्रक्रिया के तहत किया गया है। इसके लिए गजट जारी कर आपत्ति भी मांगी गई है। आपत्ति मिलने के बाद उस पर एक बार पुनर्विचार किया जाएगा।‘‘
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.