झांसी में 2 जनवरी को मिले शव को लेकर पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, बेटी के प्रेमी ने बुजुर्ग की डंडे से पीट-पीटकर हत्या की थी। बुजुर्ग नहीं चाहता था कि उसकी बेटी की शादी प्रेमी से हो। इसके बाद प्रेमिका ने ब्रेकअप कर लिया। इसके बावजूद लड़की का पिता अक्सर प्रेमी से गाली-गलौज करता था। प्रेमी इस बात से बहुत नाराज था। इसी गुस्से के चलते वह हत्या कर फरार हो गया। पुलिस ने आज आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
1 जनवरी की रात बुजुर्ग की हुई थी हत्या, सबसे पहले इसे पढ़िए…
रेलवे कॉलोनी काठ के पुल के पास लक्ष्मण रायकवार रहते थे। एक जनवरी की रात को लक्ष्मण अपनी बहन मीना के घर पर आटा लेने गए थे। वह आटा लेकर घर लौट रहे थे तभी उनकी किसी ने हत्या कर दी। 2 जनवरी की सुबह उनका शव मिला था। सिर पर चोट के निशान थे। किसी ने डंडे से बुरी तरह से पीटा था। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
हत्या क्यों की, अब इसकी वजह पढ़िए…
मृतक के पड़ोस में ही रहता है आरोपी
एसपी सिटी राधेश्याम राय ने बताया कि हत्या में रेलवे कॉलोनी में काठ का पुल निवासी शुभम झा (28) को गिरफ्तार किया है। उसके पड़ोस में रहने वाले लक्ष्मण रायकवार की बेटी से 3 साल पहले प्रेम संबंध थे। दोनों शादी करना चाहते थे। लेकिन लक्ष्मण ने विरोध कर शादी से इनकार कर दिया। तब दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया कि अब शुभम बेटी से बात नहीं करेगा।
इसके बाद शुभम की प्रेमिका ने उससे ब्रेकअप कर बातचीत बंद कर दी। इसके बाद शुभम जब कभी पिता लक्ष्मण को मिल जाता था तो वह उसके साथ गाली-गलौज करने लगते थे। इसको लेकर शुभम रंजिश रखने लगा।
डंडे से किए 4 से 5 वार
शुभम झा बिजौली के डगरिया गांव में रह रहा था। एक जनवरी को लक्ष्मण मिला तो उसे गाली देने लगा। तब उसने हत्या करने की साजिश बनाई। रात को लक्ष्मण बहन के घर गया तो शुभम डंडा लेकर रास्ते में उसका इंतजार करने लगा। जैसे ही लक्ष्मण साइकिल से लौटा तो घात लगाए बैठे शुभम ने डंडा से हमला कर दिया। डंडा सिर में लगते ही लक्ष्मण साइकिल सहित गिर गया। इसके बाद शुभम ने 4 से 5 डंडे और मारकर लक्ष्मण की हत्या कर दी। घटनास्थल के ठीक सामने आरोपी का घर है।
सुबह लोगों के साथ मौके पर पहुंचा
दो जनवरी की सुबह लक्ष्मण का शव मिलने से सनसनी फैल गई। लोग मौके पर पहुंचे तो शुभम झा भी पहुंच गया। वह लोगों से जानकारी लेना लगा। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। जब पुलिस ने जांच की तो उसका नाम सामने आया। पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
आकाश वर्मा की कोई भूमिका नहीं मिली
लक्ष्मण रायकवार के बेटे सुमित ने खुशीपुरा के आकाश वर्मा पर हत्या का शक जताया था। एसपी सिटी ने कहा कि इस केस में आकाश वर्मा की कोई भूमिका नहीं मिली है। पुलिस ने उसे क्लीनचिट दे दी है।