प्रदेश घने कोहरे की चपेट में है। लखनऊ से श्रावस्ती तक कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मौसम विभाग ने दिन में भी धूप नहीं निकलने या निकलने पर इसका असर न होने की चेतावनी दी है। पहाड़ों में मौसम में बदलाव हो रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण आने वाले दिनों में राहत मिलने के आसार हैं। पश्चिमी यूपी में मंगलवार की रात से मौसम में बदलाव होने की उम्मीद जताई गई है। यहां पर कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के बाद मौसम खुलेगा। धूप निकलने लगेगी तो अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। इससे ठंड का असर कुछ हद तक कम हो सकता है। हालांकि, मंगलवार की सुबह से ही लोगों को भीषण ठंड जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार की सुबह तक प्रदेश के कई जिलों में कोल्ड डे व कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसमें लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, लखीमपुर खीरी, बलरामपुर, श्रावस्ती समेत कई जिले शामिल हैं।
राजधानी में आज भी धूप के आसार कम
राजधानी लखनऊ में कोहरे के चलते पिछले तीन दिनों से रात का पारा 4 से 4.5 डिग्री के बीच ठहरा हुआ है। राजधानी का पारा शनिवार को 4 डिग्री, रविवार को 4.1 डिग्री और सोमवार को 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शहर में सोमवार सुबह से दोपहर करीब 12 बजे तक कोहरा छाया रहा। इसके बाद कोहरा कुछ कम होने से धूप खिली, लेकिन सर्द हवाओं के आगे बेअसर साबित हुई। इस बीच रात का पारा 4.5 डिग्री के साथ सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज हुआ। मौसम विज्ञानियों के अनुसार बीते तीन साल से सर्दियों के दौरान पारा लगातार 3-4 दिन तक एक ही जैसा दर्ज हो रहा है।
अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एम दानिश ने बताया कि जनवरी की शुरुआत के साथ बीते 6 दिनों से शहर में घना कोहरा छाया है। कोहरे के कारण सूरज की किरणें पृथ्वी तक नहीं आ रही हैं। ऐसे में सर्द हवाओं के कारण पारा स्थित है। रात के पारे में गिरावट की वजह तेज सर्द हवाएं हैं।
पश्चिमी यूपी में बदलेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ का असर पहाड़ों पर दिखने लगा है। मौसम में बदलाव के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश के आसार हैं। इसका असर पश्चिमी यूपी में पड़ने की उम्मीद है। दिन और रात के पारे में कुछ वृद्धि की उम्मीद की जा रही है। हालांकि, अभी डे कोल्ड जैसी स्थिति बने रहने के आसार हैं। पश्चिमी यूपी में बुधवार और गुरुवार को कई जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ-साथ बूंदा-बांदी के आसार हैं। पूर्वांचल के इलाकों तक गुरुवार और शुक्रवार को बादलों की आवाजाही के आसार जताए गए हैं। बादलों के असर के बाद एक बार फिर तापमान में गिरावट आएगी।
तापमान में लगातार दिख रही गिरावट
राजधानी लखनऊ में लगातार तापमान में गिरावट दिख रही है। सोमवार को अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मंगलवार को भी राजधानी में इसी प्रकार का मौसम रहने की उम्मीद है। वहीं, नोएडा में भी विजिबिलिटी सुबह 9 बजे तक 100 मीटर दिखी। गाजियाबाद में भी कोहरे का असर दिखने के आसार हैं। सोमवार को इन दोनों शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 18.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। मंगलवार को भी शहर में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.