प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गुरुवार को बारिश हुई। अब इसका असर पूर्वांचल तक देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 5 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से राजधानी लखनऊ में हवा चलती दिख रही है। हवा के प्रभाव ने विजिबिलिटी बढ़ाई है। सुबह 8:00 बजे राजधानी में विजिबिलिटी 500 मीटर देखी गई। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर आज भी बारिश की संभावना जताई जा रही है। बादल के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद एक बार फिर से लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास होगा।
शुक्रवार की सुबह अन्य दिनों की अपेक्षा लोगों को कम ठंड का अहसास हुआ। राजधानी लखनऊ में भारी मौसम के बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखी गई। गुरुवार को राजधानी का तापमान पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण बढ़ा। लखनऊ में अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह से आसमान में बादल जैसी स्थिति और 4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवाओं के कारण लोगों को धुंध और कोहरे का कम असर दिखा। हालांकि, विजिबिलिट घटी हुई दिखी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
नोएडा- गाजियाबाद में भी हवाओं का असर
नोएडा और गाजियाबाद में भी हवाओं का असर दिख रहा है। दोनों शहरों में 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती हवा सड़क पर चलने वाले लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के कारण दोनों शहरों में तापमान में वृद्धि देखी गई है। नोएडा, गाजियाबाद समेत एनसीआर से सटे इलाकों में लोगों को राहत मिलती दिख रही है। गुरुवार को दोनों शहरों में अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
शुक्रवार को हवाओं का प्रभाव बढ़ने और आसमान खुलने के कारण तापमान में कमी आ सकती है। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान के 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। दिन में धूप दोपहर बाद ही निकलने की उम्मीद की जा रही है। दोनों शहरों में सुबह से ही धुंध का असर दिखाई दे रहा है।