समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा षड्यंत्रकारी और भ्रष्टाचारी है। भाजपा सरकार में अंधेरगर्दी का बोलबाला है। जनता भाजपा से खुश नहीं है। समाज का हर वर्ग असंतुष्ट और दुःखी है। समाज में नफरत फैलाई जा रही है। भाजपा सरकार के कारनामों के कारण जनता ने भी तय कर लिया है कि वह सन् 2024 में भाजपा सरकार की विदाई अवश्य करेगी।
अखिलेश यादव ने रविवार ने किसान एवं सिख समाज के प्रतिनिधि मण्डल से मुलाकात के बाद यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा कुप्रचार करती रहती है। समाजवादी पार्टी के बारे में बेबुनियाद ऊल-जुलूल बातें फैलाई जा रही है। सन् 2022 के विधानसभा चुनाव में धांधली की गई। हजारों समाजवादी पार्टी समर्थकों के वोट नहीं पड़ने पाए। प्रशासन का पूरा दुरुपयोग हुआ। समाजवादी सरकार में निवेश भी आया था और विकासकार्य भी हुए थे लेकिन भाजपा सरकार ने बदले की भावना से समाजवादी सरकार में हुए तमाम विकास कार्यों और योजनाओं पर रोक लगा दी, कुछ कार्यों के नाम बदल दिए गए तो कुछ विकास कार्यों को बर्बाद कर दिया गया है। आज उत्तर प्रदेश विकास कार्यों में पूरी तरह से पिछड़ गया है।
अखिलेश ने कहा कि भाजपा संविधान का ईमानदारी से पालन नहीं कर रही है। संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। गांवों में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। विद्युत आपूर्ति में कटौती की जा रही है। भाजपा को अंधेरा पसंद है। इसलिए प्रदेश को विनाश की ओर ले जा रही है।
सिख प्रतिनिधियों में संत बाबा जग्गा सिंह, कुलदीप सिंह भुल्लर, त्रिलोक सिंह लिलौटी, निर्मल जीत सिंह रंधावा, कपिल गुज्जर, अमर सिंह, शार्दुल सिंह, जगदीश सिंह, नरेन्द्र सिंह, विक्रम सिंह एवं गुरमेज सिंह सहित दर्जनों सिख किसान शामिल रहे।