झांसी के गागौनी गांव में दो दिन पहले हुई महिला की हत्या का पुलिस ने आज खुलासा कर दिया। ये हत्या महिला के पति ने ही की थी। उसे शक था कि पत्नी और गांव के एक युवक के बीच अवैध संबंध है। तीन माह से दोनों के बीच झगड़ा हो रहा था।
23 जनवरी को महिला खेत पर चारा लेने गई थी। पीछे से पति भी पहुंच गया। खेत पर भी दोनों के बीच झगड़ा हो गया। तब पति ने चारा बांधने वाली रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया था। हत्या के बाद ग्रामीण और परिजन पहुंचे। तब पति भी मौजूद था। पुलिस खोजी डॉग के साथ मौके पर पहुंची।
जब केयर टेकर ने डॉग को खोला तो वह सूंघते हुए पति के पास पहुंचा और ऊपर चढ़ने लगा। तीन बार पति को अलग-अलग स्थानों पर खड़ा किया गया। तीनों बार डॉग सूंघते हुए पति के ऊपर ही चढ़ा।
इससे पुलिस को पति पर शक हो गया। पुलिस ने पूछताछ की तो शुरुआत में वह बरगलाता रहा। आज जब सस्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और पत्नी की हत्या कबूल कर ली।
खेत में मिला था शव एसपी सिटी राधेश्याम राय ने बताया कि 23 जनवरी को रक्सा थाना क्षेत्र के गागौनी गांव में रजनी पाल (33) का शव खेत में मिला था। उसकी रस्सी से गला घोंटकर हत्या की गई थी। जांच में सामने आया कि रजनी की हत्या उसके पति सूरजभान ने की है।
उनकी शादी को 17 साल हो गए थे। 16 साल तक दोनों के बीच तालमेल ठीक थे, लेकिन एक साल से रजनी के व्यवहार में बदलाव आ गया था और वह जबाव देने लगी थी। पिछले 3 माह से दोनों के बीच झगड़े बढ़ गए थे। रजनी के एक बेटा और एक बेटी है।
हत्या कर घर आया और खुद ही लाश बताई 23 जनवरी को घर पर रजनी और उसके पति के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद रजनी पशुओं का चारा लेने के लिए खेत पर चली गई। पीछे से पति भी पहुंच गया। वहां भी दोनों के बीच झगड़ा हो गया।
दोपहर 3 से 4 बजे के बीच पति सूरजभान पाल ने रस्सी से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद वह घर चला गया। शाम को खुद ही कहने लगा कि रजनी खेत से लौटकर नहीं आई।
परिजनों के साथ खेत पर गया। तलाश के दौरान सूरजभान ही सबसे पहले रजनी की लाश के पास पहुंचा और परिजनों बताया कि रजनी की लाश पड़ी है। बचने के लिए उसने ही रक्सा थाना पर जाकर पुलिस को सूचना दी।
हत्या करते हुए उसे एक युवक ने देख भी लिया था। पुलिस ने उसे चश्मदीद गवाह बनाया है। आज पुलिस ने उसे इमलिया तिराहे से गिरफ्तार किया। आरोपी सूरजभान से हत्या में इस्तेमाल रस्सी बरामद की गई है।
7 लोगों पर दर्ज हुआ था हत्या का केस पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में कबूला कि कुछ दिनों से पत्नी रजनी के चाल चलन पर शक हो गया था। उसे पता चला कि पत्नी के गांव के एक व्यक्ति से उसके अवैध संबंध हैं। इसको लेकर वह परेशान रहने लगा।
अब बात सहनशक्ति से बाहर हो गई थी, इसलिए हत्या कर दी। रजनी के पिता ख्याली ने पति, सास-ससुर समेत 7 लोगों पर हत्या का केस दर्ज करवाया था। एसपी सिटी ने कहा कि हत्या में पति के अलावा अन्य लोगों की भूमिका नहीं मिली है।
Get real time update about this post categories directly on your device, subscribe now.