फर्रुखाबाद में एक युवक ने अवैध संबंध के शक में पत्नी की गड़ासे से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने थाने में सरेंडर कर दिया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो महिला का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के खानपुर नगला गांव का है।
4 साल पहले की थी लव मैरिज
खानपुर नगला गांव में 40 साल का सुनील अपनी 38 साल की पत्नी किरन और दो बच्चों के साथ रहता है। किरन शाहजहांपुर के ग्राम गुलाब की रहने वाली थी। सुनील और किरन ने चार साल पहले लव मैरिज की थी। दोनों की यह दूसरी शादी थी। किरन अपने बच्चों को पहले पति के घर छोड़ कर आई थी। जबकि सुनील की पहली पत्नी से हुए दोनों बच्चे उसके साथ ही रहते थे। कुछ समय पहले तक सुनील अलीगढ़ में काम करता था। मगर, कोरोना महामारी के दौरान जब लॉकडाउन लगा, तो उसकी नौकरी चली गई। इसके बाद वह गांव लौट आया और यहीं पर छोटा-मोटा काम करने लगा था।
बच्चों को बहनोई के घर छोड़ आया था
सुनील ने बताया, ”मेरी पत्नी किरन की दोस्ती एक युवक से थी। वह कई-कई घंटे तक उस युवक से फोन पर बात करती रहती थी। इस बीच वह घर का कोई काम भी नहीं करती थी। इतना ही नहीं, वह मेरे घर पर नहीं रहने पर मेरे बच्चों को भी पीटती रहती थी। साथ ही उन्हें खाना भी नहीं देती थी।”
उसने बताया, ”जब मैं घर आता था, तो बच्चे मुझसे शिकायत करते थे। यही बात मुझे पसंद नहीं थी। मैंने कई बार किरन को समझाया, लेकिन वह मान ही नहीं रही थी। उस युवक से बात करने पर वह मुझसे ही झगड़ा करने लगती थी। इसी बात को लेकर हम दोनों में रोज झगड़ा होता रहता था।”
सुनील ने बताया, ”जब किरन की हरकतें मेरे बर्दाश्त के बाहर हो गईं, तो मैंने उसकी हत्या करने का प्लान कर लिया। इसी प्लान के तहत मैं सोमवार को बच्चों को फतेहगढ़ में अपने बहनोई के घर छोड़ आया। इसके बाद रात करीब 1 बजे मैंने किरन की गड़ासे से काटकर हत्या कर दी। इससे किरन की मौके पर ही मौत हो गई। फिर मैं थाने गया और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
एसपी बोले- आरोपी को पकड़ लिया गया है
सोमवार रात पति-पत्नी में झगड़ा हुआ था। गुस्से में सुनील से गड़ासे से किरन का गला काट दिया। इसके बाद थाने में सरेंडर कर दिया। SP अशोक कुमार मीणा ने बताया, “किरन का मायका शाहजहांपुर के गुलाब गांव में है। उसके परिवार को सूचना दे दी गई। आरोपी पति को पकड़ लिया गया है।”